सरायकेला: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी (ईसीई) विभाग के पीएचडी शोधार्थी तथा सीएसआईआर–राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमएल), जमशेदपुर के पैट-2 (PAT-II) शोधकर्ता नितीश कुमार भकत को आईआईटी खड़गपुर के कालिदास ऑडिटोरियम में आयोजित एनपीटीईएल सम्मान समारोह में तीन प्रतिष्ठित एनपीटीईएल स्टार पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। उन्हें एनपीटीईएल डिसिप्लिन स्टार, एनपीटीईएल बिलीवर स्टार और एनपीटीईएल एंथूज़ियास्ट स्टार अवॉर्ड प्रदान किए गए।


यह लगातार दूसरी बार है जब नितीश कुमार भकत को एनपीटीईएल स्टार सम्मान प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही वे एनआईटी जमशेदपुर के इतिहास में लगातार दो बार यह प्रतिष्ठित सम्मान हासिल करने वाले पहले शोधार्थी बन गए हैं।
पिछले तीन वर्षों से एनआईटी जमशेदपुर ने अपने पीएचडी कोर्सवर्क में एनपीटीईएल–स्वयं (SWAYAM) के ऑनलाइन पाठ्यक्रमों को शामिल किया है। इस पहल के माध्यम से शोधार्थियों को आईआईटी एवं देश के अन्य प्रमुख संस्थानों के विशेषज्ञ प्रोफेसरों से ऑनलाइन अध्ययन का अवसर मिल रहा है, जिससे उनकी शोध क्षमता और तकनीकी दक्षता को नई दिशा मिली है। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए एनआईटी जमशेदपुर को भी एनपीटीईएल द्वारा संस्थागत सम्मान प्राप्त हुआ है।
नितीश कुमार भकत अपना पीएचडी शोधकार्य एनआईटी जमशेदपुर के डॉ. जयेंद्र कुमार तथा सीएसआईआर-एनएमएल के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. तरुण कुमार दास के संयुक्त निर्देशन में कर रहे हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने दोनों शोध-निर्देशकों के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया।
उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष नितीश कुमार भकत को अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन गैल्वानेक्स-2026 में सर्वश्रेष्ठ शोधपत्र (बेस्ट पेपर) पुरस्कार भी मिला। इसके अलावा उन्होंने सीएसआईआर-एनएमएल में आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित अभिनव समाधान विकसित करने की पिच प्रतियोगिता में प्रथम स्थान भी हासिल किया।

