जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसूडीह थाना क्षेत्र स्थित सालगाजड़ी रेलवे लाइन पर बुधवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।


घटना में महिला का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। सूचना मिलते ही परसूडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है, ताकि महिला की पहचान सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है।

