जमशेदपुर: शहर के चर्चित हिमांशु हत्याकांड में पूर्वी सिंहभूम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ अब इस कांड के सभी 16 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसकी जानकारी सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राघवेंद्र कुमार उर्फ रविंद्र कुमार उर्फ घरे और गणेश मछवा के रूप में हुई है। पुलिस ने गणेश मछवा की निशानदेही पर घटना के बाद मुख्य आरोपियों के फरार होने में इस्तेमाल की गई टीवीएस एक्टिवा स्कूटर भी बरामद की है।
सिटी एसपी ने बताया कि 27 जून की रात बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन (डीडी) बार के पास हिमांशु पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जांच में यह भी सामने आया कि गणेश मछवा ने मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा, राहुल दुबे और राघवेंद्र उर्फ घरे को घटना के बाद छिपाने और फरार कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। पुलिस के अनुसार, गणेश का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह अवैध शराब से जुड़े मामलों में दो बार जेल जा चुका है।
सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने कहा कि सभी 16 आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ जांच महत्वपूर्ण चरण में पहुंच गई है। पुलिस अब मामले में साक्ष्यों को और मजबूत करते हुए जल्द ही न्यायालय में आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल करने की तैयारी कर रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

