श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों में जुटा प्रशासन, देवघर एसपी ने कांवरिया पथ का किया निरीक्षण

Spread the love

देवघर: आगामी श्रावणी मेला-2026 को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को देवघर के पुलिस अधीक्षक ने कांवरिया पथ और उससे जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (देवघर), डीएसपी सीसीआर, डीएसपी ट्रैफिक, नगर थाना प्रभारी तथा सार्जेंट मेजर भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मेले के दौरान सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कैरोसेल रेलवे ब्रिज, घोरमारा, हथगढ़, कोरिया तथा एसए बस स्टैंड सहित कांवरिया मार्ग के कई महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान कांवरिया पथ पर संभावित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, संवेदनशील स्थलों और यातायात प्रभावित बिंदुओं की पहचान की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मेले के प्रारंभ होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। पुलिस अधीक्षक ने पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी, बैरिकेडिंग और प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रावणी मेला विश्व प्रसिद्ध धार्मिक आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम में जलार्पण और दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक श्रावणी मेला उपलब्ध कराने के लिए सभी विभाग युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटे हुए हैं और आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।