कोल्हान यूनिवर्सिटी ने बदले दो प्रोफेशनल कोर्स के नाम, आवेदन शुल्क घटाकर 25 रुपये किया

Spread the love

कोल्हान यूनिवर्सिटी न्यूज: कोल्हान विश्वविद्यालय की 44वीं एकेडमिक काउंसिल की बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुरूप दो व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के नामों में बदलाव किया गया है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार अब छात्रों का नामांकन संशोधित नाम वाले पाठ्यक्रमों में ही किया जाएगा। जमशेदपुर स्थित करीम सिटी कॉलेज में संचालित “मास कम्युनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन” पाठ्यक्रम का नाम बदलकर “जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन” कर दिया गया है।

इसी प्रकार बी.एससी. एनवायरनमेंट एंड वाटर मैनेजमेंट पाठ्यक्रम का नया नाम अब बी.एससी. एनवायरनमेंटल साइंस होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि नए नाम वर्तमान शैक्षणिक और व्यावसायिक आवश्यकताओं के अधिक अनुरूप हैं। इससे छात्रों को विषयों की स्पष्ट पहचान मिलेगी तथा रोजगार और उच्च शिक्षा के अवसरों में भी लाभ होगा।

वहीं, नामांकन समिति के निर्णय के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-30 के चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रमों तथा सत्र 2026-29 के व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए चांसलर पोर्टल 16 जून से 5 जुलाई 2026 तक खुला रहेगा। छात्रों को आवेदन करने के लिए निर्धारित समयावधि के भीतर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता के निर्देश पर आवेदन शुल्क में भी बड़ी राहत दी गई है। पहले जहां छात्रों को आवेदन के लिए 100 रुपये शुल्क देना पड़ता था, वहीं अब इसे घटाकर केवल 25 रुपये कर दिया गया है। विश्वविद्यालय का मानना है कि शुल्क में कमी से अधिक संख्या में विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे कम आवेदन शुल्क का लाभ उठाते हुए एक से अधिक कॉलेजों में आवेदन करें, ताकि पसंदीदा विषय में नामांकन की संभावना बढ़ सके। साथ ही आवेदन के दौरान सभी छात्रों को APAAR ID का उपयोग करने की सलाह दी गई है, जिससे व्यक्तिगत विवरण स्वतः दर्ज होंगे और त्रुटियों की संभावना कम होगी।