एनजीटी प्रतिबंध के बावजूद दामोदर नदी से बालू खनन जारी, प्रशासन पर उठे सवाल

Spread the love

रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिले में एनजीटी के स्पष्ट प्रतिबंध के बावजूद दामोदर नदी से अवैध बालू उठाव जारी है। पतरातू क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर ट्रैक्टरों और भारी वाहनों के जरिए दिन-रात बालू की ढुलाई की जा रही है। इससे नदी के प्राकृतिक स्वरूप पर गंभीर खतरा पैदा हो रहा है और नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बालू को नदी से निकालकर अलग-अलग स्थानों पर स्टॉक किया जा रहा है और बाद में बड़े वाहनों से इसकी सप्लाई की जाती है। ग्रामीणों ने प्रशासन और खनन विभाग की निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए कहा है कि बार-बार शिकायत के बावजूद अवैध खनन पर रोक नहीं लग पा रही है। पर्यावरण विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह के अनियंत्रित खनन से नदी की जलधारण क्षमता प्रभावित होती है और कटाव जैसी समस्याएं बढ़ती हैं।

ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन से तत्काल जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो दामोदर नदी का पारिस्थितिक संतुलन और अधिक बिगड़ सकता है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।