डीआरएम तरुण हूरिया ने तातानगर, मकदमपुर और हाता की रेल परियोजनाओं का किया निरीक्षण, समयबद्ध कार्य पर जोर

Spread the love

जमशेदपुर: चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हूरिया ने रविवार को क्षेत्र की विभिन्न महत्वपूर्ण रेल विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान तातानगर जंक्शन, मकदमपुर और हाता में चल रही तथा प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान तातानगर जंक्शन में प्लेटफॉर्म विस्तार, यात्री सुविधाओं के विकास और अन्य प्रस्तावित परियोजनाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों के साथ हुई बैठक में विभिन्न कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई तथा यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

इसके बाद डीआरएम विशेष ट्रेन से मकदमपुर क्रॉसिंग पहुंचे, जहां प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण स्थल का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने परियोजना से जुड़ी तकनीकी चुनौतियों और स्थानीय आवश्यकताओं की जानकारी दी। डीआरएम ने संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए ताकि परियोजना को गति मिल सके।

निरीक्षण क्रम में हाता के समीप प्रस्तावित नए रेलवे स्टेशन के निर्माण स्थल का भी दौरा किया गया। यहां परियोजना की वर्तमान स्थिति, तकनीकी पहलुओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति और भविष्य की योजनाओं से डीआरएम को अवगत कराया।

निरीक्षण के दौरान कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में भारतीय रेल का तेजी से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलें और क्षेत्रीय विकास को नई गति प्राप्त हो।

रेल अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे क्षेत्र की रेल संपर्क व्यवस्था और आधारभूत संरचना और अधिक मजबूत होगी।