जमशेदपुर में बाढ़ का खतरा बढ़ा, स्वर्णरेखा-खरकई नदी का जलस्तर बढ़ा; निचले इलाकों के घरों में घुसा पानी

Spread the love

जमशेदपुर: लगातार हो रही बारिश के बीच जमशेदपुर में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। स्वर्णरेखा और खरकई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने से नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कई इलाकों में नदी का पानी घरों तक पहुंच गया है।

बागबेड़ा, नया बस्ती, कदमा, सोनारी और मानगो के निचले इलाकों में पानी प्रवेश करने की सूचना है। जलस्तर बढ़ने के बाद कई परिवार अपने जरूरी सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं। वहीं, लगातार बढ़ते पानी को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के बीच विभिन्न बांधों के गेट खोले जाने के कारण दोनों नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ा है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी की जा रही है। लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

स्थिति बिगड़ने पर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी भी की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है।