जमशेदपुर में स्कूली बच्चों से भरा ऑटो पलटा, दो बच्चे गंभीर रूप से घायल; चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप

Spread the love

जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के आदर्श रक्षी मिडिल स्कूल के पास शुक्रवार को स्कूली बच्चों से भरा एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर मुख्य सड़क पर पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर ऑटो में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो अचानक अपना संतुलन खो बैठा और सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया। लोगों का दावा है कि ऑटो से गांजा पीने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले दो चिलम भी बरामद हुए हैं। हालांकि, चालक वास्तव में नशे की हालत में था या नहीं, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने ऑटो चालक से पूछताछ की है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और चालक की भूमिका क्या थी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस की जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही नशे से जुड़े आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी। घायल बच्चों की स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।