जमशेदपुर : Jamshedpur में ट्रैफिक जांच के दौरान कथित अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। आरोप है कि टाटानगर स्थित चाईबासा स्टैंड के पास वाहन जांच के दौरान एक बाइक सवार से चालान के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग की गई।


जानकारी के अनुसार, पोटका निवासी चंदन सरदार अपने शिक्षक चाचा को बाइक से बारीडीह ले जा रहे थे। इसी दौरान ट्रैफिक चेकिंग प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोप है कि आवश्यक दस्तावेज और हेलमेट होने के बावजूद उन्हें काफी देर तक रोका गया और कथित रूप से पैसे की मांग की गई।
पीड़ित ने मामले की जानकारी Sanjeev Sardar को दी। सूचना मिलते ही विधायक मौके पर पहुंचे और घटना पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश दिए।
मामले के तूल पकड़ने के बाद ट्रैफिक विभाग की ओर से जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में आरोपों को गंभीर मानते हुए दो एएसआई को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
इस घटना के बाद शहर में ट्रैफिक जांच अभियान की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। कई सामाजिक संगठनों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि जांच के नाम पर आम लोगों को परेशान किया जाता है और कई स्थानों पर जाम की स्थिति भी बनती है।
इसी बीच Jharkhand Human Rights Conference ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर ट्रैफिक जांच में पारदर्शिता लाने, बॉडी कैमरा अनिवार्य करने और अवैध वसूली पर सख्त रोक लगाने की मांग की है।

