जमशेदपुर में भव्य ‘श्री बालाजी अन्न प्रसादम’ का आयोजन, 2000 से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की तैयारी

Spread the love

जमशेदपुर : Jamshedpur में पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन द्वारा आंध्र भक्त श्री राम मंदिरम समिति के सहयोग से आयोजित होने वाले भव्य “श्री बालाजी अन्न प्रसादम” कार्यक्रम को लेकर शहर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। यह आयोजन 24 मई को श्री राम मंदिर कल्याण मंडपम में संपन्न होगा, जिसमें 2000 से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

सम्मेलन के अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल ‘गोल्डी’ ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11:30 बजे दक्षिण भारतीय पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण और विशेष पूजन के साथ होगी। ब्राह्मण भोजन के उपरांत दोपहर 12:15 बजे से श्रद्धालुओं के बीच अन्न प्रसादम का वितरण किया जाएगा। इसके लिए एक समय में लगभग 130 लोगों के बैठकर प्रसाद ग्रहण करने की व्यवस्था की गई है।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण “पेरुमल स्टोन” (मनोकामना पत्थर) रहेगा। महासचिव मंटू अग्रवाल के अनुसार, मंदिर परिसर को दक्षिण भारतीय परंपरा के अनुरूप सजाया गया है और श्रद्धालुओं को कपूर मिश्रित पवित्र जलामृत भी प्रदान किया जाएगा।

इस आयोजन के मुख्य प्रायोजक वरिष्ठ समाजसेवी विजय मित्तल एवं प्रीति अग्रवाल हैं, जबकि कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी सुनील जवानपुरिया ‘बिट्टू’ के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

कार्यक्रम में Ranchi से अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत मित्तल सपरिवार शामिल होंगे, वहीं Durg से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रूही अग्रवाल भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगी। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम प्रकाश रिंगसिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

कोषाध्यक्ष अजय भालोटिया ने बताया कि आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। टेंट, सजावट, रसोई, सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विभिन्न समितियां सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। आयोजन की सफलता के लिए राणी सती सत्संग समिति, मारवाड़ी युवा मंच (जमशेदपुर शाखा) और आंध्रा समाज का भी सहयोग मिल रहा है।

मयूर संघी ने जानकारी दी कि सिदगोड़ा मंदिर से भगवान बालाजी की प्रतिमा को वैदिक विधि-विधान के साथ लाया जाएगा। वहीं रात्रि 7 बजे भगवान को विशेष तरबूज प्रसाद अर्पित कर श्रद्धालुओं के बीच वितरण किया जाएगा।

समिति ने शहरवासियों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान Lord Venkateswara का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।