भागलपुर में गंगा स्नान के दौरान पांच किशोरियां डूबीं, एक का शव बरामद

Spread the love

भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले के वासुदेवपुर थाना क्षेत्र स्थित श्यामपुर बकचपारा गंगा घाट पर बुधवार सुबह गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गंगा स्नान करने और जल भरने गई पांच किशोरियां तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गईं। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बकचपारा निवासी क्रांति पासवान की पुत्रियां संगीता कुमारी, बिनीता कुमारी, संध्या कुमारी और सोनम कुमारी अपने पड़ोसी चमन लाल पासवान की पुत्री हीना कुमारी के साथ सुबह गंगा घाट पहुंची थीं। स्नान के दौरान सभी किशोरियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया। पुलिस, एसडीआरएफ और गोताखोरों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू करते हुए गंगा में लापता किशोरियों की तलाश शुरू कर दी।

काफी मशक्कत के बाद संगीता कुमारी को गंगा से बाहर निकाला गया। हालांकि उसकी जान नहीं बच सकी। समाचार लिखे जाने तक अन्य चार किशोरियों की तलाश जारी थी। प्रशासन ने बताया कि बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है और लापता किशोरियों की खोज के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और स्थानीय लोग भी घटना से स्तब्ध हैं।