आदित्यपुर न्यूज: राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) के निर्देश पर शुक्रवार को आदित्यपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र में बाल श्रम के खिलाफ संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। श्रम विभाग, बाल कल्याण समिति (CWC), चाइल्ड हेल्पलाइन, आरआईटी थाना और युवा संस्था की संयुक्त टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच कर चार नाबालिग बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया।


अभियान के दौरान टीम ने एनआईटी रोड स्थित रोहित स्वीट्स और अंबेडकर चौक के पास संचालित एक वॉशिंग सेंटर में छापेमारी की। जांच के दौरान रोहित स्वीट्स से दो नाबालिग बच्चों को काम करते हुए पाया गया, जबकि वॉशिंग सेंटर से भी दो अन्य नाबालिग बच्चों को मुक्त कराया गया। सभी बच्चों को तत्काल संरक्षण में लेकर बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
बाल कल्याण समिति के सदस्य सैयद अयाज हैदर ने कहा कि 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों से किसी भी प्रकार का श्रम कराना बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। उन्होंने होटल, दुकान और अन्य प्रतिष्ठानों के संचालकों को निर्देश दिया कि वे किसी भी नाबालिग बच्चे को रोजगार न दें और संबंधित कानूनी घोषणाएं अपने प्रतिष्ठानों में प्रदर्शित करें।
छापेमारी के दौरान प्रतिष्ठान संचालकों का विवरण दर्ज किया गया और उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि किसी प्रतिष्ठान में बाल श्रम का मामला सामने आता है तो संबंधित संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में श्रम विभाग की एलईओ रूबी कुमारी, चाइल्ड हेल्पलाइन की समन्वयक कविता मिश्रा, युवा संस्था के मुकेश कुमार पांडेय समेत कई अधिकारी और कर्मी शामिल रहे।

