रामगढ़ में अवैध कोयला खनन के दौरान बड़ा हादसा, दम घुटने से चार युवकों की मौत

Spread the love

रामगढ़: जिले के गिद्दी थाना क्षेत्र में शनिवार को अवैध कोयला खनन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। सीसीएल अरगड्डा की बंद भूमिगत खदान के समीप काजू बागान जंगल क्षेत्र में अवैध रूप से कोयला निकालने गए चार युवकों की दम घुटने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब नौ बजे चार युवक अवैध रूप से बनाए गए सुरंगनुमा गड्ढे में कोयला निकालने के लिए उतरे थे। लगभग 30 फीट गहराई तक जाने के बाद वे बाहर नहीं निकल सके। सुरंग के भीतर ऑक्सीजन की भारी कमी और जहरीली गैसों की मौजूदगी के कारण सभी युवक बेहोश हो गए और उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर सीसीएल अरगड्डा के सुरक्षा पदाधिकारी रमेश कुमार और एरिया क्वालिटी मैनेजर एस.एन. तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल माइन्स रेस्क्यू टीम और गिद्दी अस्पताल को सूचना दी। माइन्स सुपरिटेंडेंट विकास कुमार के नेतृत्व में 12 सदस्यीय रेस्क्यू टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद चारों युवकों को बाहर निकाला।

मृतकों की पहचान सिरका बुधबाजार निवासी किशोर और आशीष तथा टोंगी निवासी देवा और डब्ल्यू के रूप में हुई है। परिजन उन्हें इलाज के लिए रांची रोड स्थित होप अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

रेस्क्यू टीम के अनुसार, अवैध खदान के भीतर ऑक्सीजन का स्तर बेहद कम था तथा कार्बन डाइऑक्साइड सहित अन्य जहरीली गैसें पाई गईं। प्रारंभिक जांच में दम घुटने को मौत का कारण माना जा रहा है।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इस हादसे ने बंद खदानों में जारी अवैध खनन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।