चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मेघाहातुबुरु स्थित सेल (SAIL) परिसर में सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने मेंटेनेंस सिविल विभाग के स्टोर रूम को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये के सामान की चोरी कर ली। घटना के बाद कर्मचारियों और ठेकेदारों में चिंता का माहौल है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने कार्यालय परिसर में स्थित तीन अलग-अलग स्टोर रूम के ताले तोड़कर वहां रखे कई जरूरी उपकरणों की चोरी कर ली। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 30 से 40 हजार रुपये बताई जा रही है।
ठेकेदारों के अनुसार, स्टोर में हाल ही में खरीदी गई वेल्डिंग मशीन सहित कई तकनीकी उपकरण रखे गए थे, जिन्हें भी चोर अपने साथ ले गए। चोरी हुए सामानों में कटर मशीन, ग्राइंडर, कॉपर केबल, एक्सटेंशन बोर्ड, पुराने पंखे और अन्य उपकरण शामिल हैं। शनिवार सुबह कर्मचारियों के कार्यालय पहुंचने पर घटना का पता चला।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सेल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पिछले कुछ वर्षों में भी कई बार चोरी की वारदातें हुई हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। लोगों का आरोप है कि परिसर में पर्याप्त निगरानी व्यवस्था का अभाव है।
हाल ही में ठेकेदार कॉलोनी में भी मोबाइल चोरी की घटना सामने आई थी, हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता से मोबाइल बरामद कर लिया गया था। लगातार हो रही इन घटनाओं से कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
लोगों ने प्रशासन और सेल प्रबंधन से परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने, रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं में शामिल लोगों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

