गढ़वा: गढ़वा जिले के रंका प्रखंड स्थित पिंडरा गांव में संचालित क्रशर प्लांट और खनन गतिविधियों के विरोध में ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। ग्रामीणों ने भाजपा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी को गांव बुलाकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया और प्रशासन से न्याय दिलाने की मांग की।


ग्रामीणों का आरोप है कि गासेडाग गांव में संचालित तारा कंस्ट्रक्शन के क्रशर प्लांट से उड़ने वाली धूल और लगातार हो रही ब्लास्टिंग के कारण खेती, पर्यावरण और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि क्रशर संचालक द्वारा सिंचित भूमि के ऊपर बांध बना दिए जाने से करीब 12 किसानों की लगभग 50 एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई है, जिससे खेती प्रभावित हो रही है।
ग्रामीण राहुल दयाल, रामेश्वर सिंह, सुरेंद्र राम, संजय राम समेत अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें धमकियां दी जा रही हैं। राहुल दयाल और दशरथ राम ने 20 जुलाई को रंका थाना में जान से मारने और घर से निकालने की धमकी की लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है।
विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि ग्रामीणों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक से बात करेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर विधानसभा में भी मुद्दा उठाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि रंका और रमकंडा क्षेत्र में कई क्रशर प्लांट नियमों की अनदेखी कर संचालित किए जा रहे हैं और निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

