जमशेदपुर: नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय परिसर में सोमवार को रेडियो सिटी के सहयोग से आयोजित “टैलेंट हंट 2026” में 300 से अधिक विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और बहुआयामी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना था।


आयोजन में स्टेज प्ले, रैम्प वॉक, स्लो ऑटोमोबाइल रेस, रोड सेफ्टी क्विज, फिटनेस चैलेंज, स्टैंड-अप कॉमेडी और रील-शॉर्ट वीडियो मेकिंग सहित आठ से अधिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने हर प्रतियोगिता में उत्साह और रचनात्मक सोच का परिचय दिया। स्टेज प्ले में सोशल मीडिया के सकारात्मक और नकारात्मक प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रभात कुमार पाणि, डीन प्रशासन डॉ. राकेश कुमार, डीन अकादमिक अभिनव कुमार और आईक्यूएसी निदेशक डॉ. श्रद्धा वर्मा सहित विश्वविद्यालय के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास को नई दिशा देते हैं। वहीं कुलपति प्रो. पाणि ने कहा कि विश्वविद्यालय छात्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय परिसर पूरे दिन उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर रहा।

