गिरिडीह जिले के पचंबा थाना क्षेत्र स्थित बोरो एयरपोर्ट के समीप एक किराए के मकान में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सिहोडीह निवासी 28 वर्षीय पंकज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार युवक का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।


बताया जा रहा है कि पंकज अपनी पत्नी और छोटे बच्चे के साथ किराए के मकान में रहता था। स्थानीय लोगों के अनुसार उसने कुछ वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था और तब से परिवार के साथ वहीं रह रहा था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद परिवार में मातम का माहौल है।
मृतक के परिजनों ने घटना को लेकर कई सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था और रविवार सुबह भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। हालांकि, इन आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

