मंईयां सम्मान योजना की लाभुक महिलाओं के लिए खुशखबरी, पूर्वी सिंहभूम में 2.86 लाख महिलाओं को जल्द मिलेगी अप्रैल की राशि

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम जिले में मंईयां सम्मान योजना की लाभुक महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है। योजना से जुड़ी करीब 2.86 लाख महिलाओं को अप्रैल माह की सम्मान राशि जल्द ही उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। सामाजिक सुरक्षा विभाग ने भुगतान प्रक्रिया को पूरा करने के लिए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

विभाग के अनुसार, लाभुक महिलाओं के खातों में राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाएगी। भुगतान प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए तकनीकी स्तर पर आवश्यक सुधार भी किए गए हैं, ताकि राशि हस्तांतरण में किसी प्रकार की समस्या न हो।

सामाजिक सुरक्षा विभाग की प्रभारी सहायक निदेशक रूपा रानी तिर्की ने बताया कि लाभुकों के खातों में जल्द ही राशि दिखने लगेगी। महिलाएं अपने भुगतान की स्थिति बैंक शाखा या प्रज्ञा केंद्र के माध्यम से भी जांच सकती हैं। विभाग ने लाभुकों से समय-समय पर अपने बैंक खाते और भुगतान संबंधी जानकारी की जांच करते रहने की अपील की है।

इस योजना का लाभ झारखंड की 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की पात्र महिलाओं को दिया जाता है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।