रामगढ़ जिले के अरगड्डा क्षेत्र में अवैध कोयला खनन के दौरान हुए दर्दनाक हादसे के बाद नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी रविवार को प्रभावित क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों देवा बेदिया, डब्लू बेदिया, किशोर रावानी और आशीष घटवार के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने परिजनों की समस्याएं सुनीं और कहा कि दुख की इस घड़ी में वे उनके साथ खड़े हैं।


बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यह केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि व्यवस्था की गंभीर विफलता का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंद खदानों में लगातार अवैध गतिविधियां चल रही थीं, लेकिन संबंधित विभाग और जिम्मेदार एजेंसियां इसे रोकने में विफल रहीं। उन्होंने कहा कि सीमित रोजगार के कारण लोग जोखिम भरे कार्य करने को मजबूर हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए राज्य सरकार से न्यायिक या उच्चस्तरीय जांच कराने की अपील की। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता, पुनर्वास और रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की।

