दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर भव्य आयोजन, सीएम हेमंत सोरेन करेंगे 40 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण

Spread the love

रामगढ़: दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर मंगलवार को रामगढ़ जिले के बरलंगा स्थित नेमरा गांव में भव्य श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 40 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करेंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है।

सोमवार को उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने नेमरा के लुकैया टांड़ स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

श्रद्धांजलि सभा के साथ विकास मेला भी आयोजित किया जाएगा, जहां विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों एवं लाभों का वितरण किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पूरे क्षेत्र को चार जोन में विभाजित किया गया है तथा चुटूपालू घाटी से नेमरा गांव तक दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है।

कार्यक्रम में शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, बसंत सोरेन, कल्पना सोरेन सहित परिवार के सदस्य पारंपरिक रीति-रिवाजों से श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। समाधि स्थल नदी दरहा तक पहुंचने के लिए विशेष सड़क का भी निर्माण कराया गया है।