रांची: जिला प्रशासन ने पंडरा क्षेत्र में संचालित एक अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान एक पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन भी जब्त की गई। आरोपियों के खिलाफ पीसी एंड पीएनडीटी (PC-PNDT) अधिनियमके तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


यह कार्रवाई उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर की गई। प्रशासन को सूचना मिली थी कि पंडरा स्थित रवि स्टील चौक के पास एक मकान में अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद सिविल सर्जन-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रभात कुमार के निर्देश पर विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान टीम ने तीन लोगों को गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड करते हुए रंगे हाथ पकड़ा। मौके से एक पोर्टेबल यूएसजी मशीन भी बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान कार्यपालक दंडाधिकारी, रातू थाना पुलिस, पीसी एंड पीएनडीटी सेल तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरंजन कुमार, आकाश कुमार और शीला कुमारी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अल्ट्रासाउंड मशीन का संचालन बिना वैध पंजीकरण के किया जा रहा था, जो PC-PNDT Act का स्पष्ट उल्लंघन है। इस कानून के तहत भ्रूण लिंग जांच और लिंग निर्धारण पूरी तरह प्रतिबंधित है।
सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने रातू थाना प्रभारी को तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है। जब्त मशीन और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है तथा मामले को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्रों और भ्रूण लिंग जांच जैसी गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान को सफल बनाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

