जमशेदपुर: भारतीय मजदूर संघ की पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई ने सोमवार को जमशेदपुर में डिमांड डे मनाया। इस दौरान श्रमिकों और कर्मचारियों से जुड़ी वर्षों से लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। संघ की ओर से जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री, केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री तथा केंद्रीय वित्त मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।


संघ ने EPS-95 के तहत न्यूनतम पेंशन ₹1,000 से बढ़ाकर ₹7,500 प्रतिमाह करने की मांग की। साथ ही पेंशन को महंगाई राहत से जोड़ने और पेंशनभोगियों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ देने की मांग भी रखी गई।
भारतीय मजदूर संघ ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, योगदान की गणना 15 दिन के बजाय 30 दिन के वेतन के आधार पर करने तथा इसकी अधिकतम सीमा समाप्त करने की मांग की। संविदा कर्मियों समेत सभी श्रमिकों के लिए समान काम के बदले समान वेतन की भी मांग उठाई गई।
इसके अलावा आंगनबाड़ी, आशा, मिड-डे मील और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से जुड़े कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी, बैंकों में पांच दिवसीय कार्य व्यवस्था तथा श्रमिक हित में श्रम कानूनों में बदलाव की मांग की गई।
जिला अध्यक्ष अमरिंदर कुमार सिंह ने कहा कि मांगें केवल वेतन वृद्धि तक सीमित नहीं हैं, बल्कि श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा, सम्मान और बेहतर रोजगार से जुड़ी हैं। संघ ने सरकार से समयबद्ध कार्रवाई की अपील की।

