न्यू सिदगोड़ा दुर्गा पूजा समिति ने भूमि पूजन के साथ शुरू की पंडाल निर्माण की तैयारी, काशी के घाट रहेगा मुख्य आकर्षण

Spread the love

जमशेदपुर: सावन के तीसरे सोमवार के शुभ अवसर पर न्यू सिदगोड़ा दुर्गा एवं काली पूजा समिति की ओर से आगामी दुर्गा पूजा के पंडाल निर्माण के लिए विधिवत भूमि पूजन किया गया। इसके साथ ही क्षेत्र में इस वर्ष होने वाले दुर्गा पूजा महोत्सव की औपचारिक तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।

समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष न्यू सिदगोड़ा में बनने वाला पूजा पंडाल प्रसिद्ध बनारस के घाटों की थीम पर आधारित होगा। पंडाल के माध्यम से श्रद्धालुओं को जमशेदपुर में ही काशी के भव्य और पवित्र घाटों का जीवंत अनुभव देने का प्रयास किया जाएगा।

भूमि पूजन कार्यक्रम में समिति के मुख्य संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, अध्यक्ष प्रकाश भाई पटेल एवं महासचिव प्रदीप कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर पंडाल निर्माण एवं आगामी दुर्गा पूजा के सफल और निर्विघ्न आयोजन की कामना की गई।

समिति ने बताया कि आने वाले दिनों में पंडाल निर्माण सहित पूजा आयोजन से जुड़ी अन्य तैयारियों को भी गति दी जाएगी।