जमशेदपुर: सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर जमशेदपुर में भगवान शिव की भक्ति का भव्य नजारा देखने को मिला। सिदगोड़ा सूर्य मंदिर की ओर से बारीडीह स्थित हरि मंदिर मैदान से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में पांच हजार से अधिक महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।


कलश यात्रा में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री Raghubar Das भी शामिल हुए। उन्होंने अन्य श्रद्धालुओं के साथ पैदल चलकर कलश यात्रा में हिस्सा लिया। वहीं, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक Purnima Das Sahu भी कलश लेकर यात्रा में शामिल हुईं। इस दौरान श्रद्धालु लगातार हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे लगाते नजर आए।
यात्रा के दौरान भगवान भोलेनाथ की आकर्षक झांकी भी निकाली गई। श्रद्धालुओं ने करीब पांच किलोमीटर पैदल यात्रा कर सिदगोड़ा सूर्य मंदिर पहुंचकर कलश में लाए गए जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
इस दौरान पूरा क्षेत्र भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठा। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सभी की मनोकामनाएं पूरी होने की कामना की। उन्होंने कहा कि सावन में भगवान भोलेनाथ सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाएं। साथ ही उन्होंने झारखंड की सुख-समृद्धि और विकास की भी कामना की।

