जमशेदपुर में शहीद निर्मल महतो की 39वीं पुण्यतिथि पर सीएम हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि

Spread the love

जमशेदपुर: झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल शहीद निर्मल महतो की 39वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को जमशेदपुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जमशेदपुर पहुंचे और कदमा के उलियान स्थित शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने समाधि स्थल पहुंचकर भी पुष्प अर्पित किए। इस दौरान कई विधायक, जनप्रतिनिधि और झामुमो नेता मौजूद रहे।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शहीद निर्मल महतो के संघर्ष, बलिदान और झारखंड के लिए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि निर्मल महतो ने समाज और झारखंड के हितों के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके विचारों और सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

बिष्टुपुर स्थित चमरिया गेस्ट हाउस में भी शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां सांसद विद्युत वरण महतो, पोटका विधायक संजीव सरदार समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।

गौरतलब है कि 8 अगस्त 1987 को चमरिया गेस्ट हाउस के बाहर निर्मल महतो की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनकी स्मृति में हर वर्ष 8 अगस्त को झारखंड के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।