नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में ‘नव-आगमन 2026’ का भव्य आयोजन, 5000 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

Spread the love

जमशेदपुर: नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय परिसर में शनिवार को नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए इंडक्शन प्रोग्राम ‘नव-आगमन 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 5000 विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ शामिल हुए। पारंपरिक लोक नृत्य, राष्ट्रगान, दीप प्रज्वलन, गणेश वंदना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसटीएफ के डीआईजी इंद्रजीत महथा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान दौर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का है। युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनने के साथ सही समय पर सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करनी चाहिए।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल डिग्री देना विश्वविद्यालय का उद्देश्य नहीं है, बल्कि उन्हें ज्ञान, कौशल, संस्कार और जिम्मेदार नागरिकता के मूल्यों से समृद्ध करना प्राथमिकता है। कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि ने विद्यार्थियों से अनुशासन, निरंतर अध्ययन, रचनात्मकता और व्यावहारिक कौशल को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

दैनिक जागरण के संपादक प्रदीप कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा और प्रतिभा का उपयोग व्यक्तिगत सफलता के साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में भी होना चाहिए।

कुलसचिव नागेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के नियमों और शैक्षणिक जिम्मेदारियों के पालन की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को इंडक्शन किट भी वितरित की गई। समारोह में शिक्षा, प्रशासन, मीडिया और कॉरपोरेट जगत से जुड़े कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।