जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी स्थित गांधी मार्ग में सोमवार सुबह करीब 8 बजे बाइक सवार दो युवकों ने एक महिला के गले से चेन झपट ली और फरार हो गए। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। चेन की कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई जा रही है।


पीड़िता मनीषा बोस के अनुसार, वह अपनी बेटी को स्कूल छोड़कर गांधी मार्ग स्थित घर लौट रही थीं। घर के पास पहुंचने के बाद जैसे ही वह गली की ओर जाने लगीं, तभी हेलमेट पहने दो युवक काली बाइक से पीछे से पहुंचे। बाइक सवार युवकों ने पहले महिला को ओवरटेक किया और आगे गली में रास्ता समाप्त होने के कारण बाइक मोड़कर तेजी से वापस उनकी ओर आए।
इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे युवक ने महिला के गले से चेन झपट ली। वारदात के बाद दोनों बाइक सवार मौके से फरार हो गए। घटना CCTV में रिकॉर्ड होने के बाद पुलिस को आरोपियों की पहचान में मदद मिलने की उम्मीद है।
घटना के बाद पीड़िता ने सीतारामडेरा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रही है तथा आरोपियों की तलाश में जुटी है।

