जमशेदपुर: MGM अस्पताल में शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। अस्पताल की कुल 15 लिफ्ट में से केवल 4 के चालू होने की बात सामने आई है। इनमें से एक लिफ्ट अचानक बंद हो गई, जिसमें करीब 25 मरीज और उनके परिजन लगभग आधे घंटे तक फंसे रहे। लिफ्ट के अंदर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।


घटना की सूचना मिलने के बाद तकनीशियन मौके पर पहुंचे। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोला गया और सभी मरीजों एवं उनके परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इस घटना के दौरान अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे। बताया जा रहा है कि लिफ्ट की चाबियों की जिम्मेदारी होमगार्ड जवानों के पास थी। तकनीशियन ने लिफ्ट खोलने के लिए चाबी मांगी तो जवानों ने चाबी गुम होने की बात कही। बाद में तकनीशियन ने पुरानी चाबी की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोला।
घटना के बाद अस्पताल की व्यवस्था और लिफ्टों के रखरखाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

