पश्चिमी सिंहभूम में जमीन विवाद में आदिवासी परिवार के तीन लोगों की हत्या, अर्जुन मुंडा ने मांगी सुरक्षा

Spread the love

जमशेदपुर: पश्चिमी सिंहभूम के टोंटो थाना क्षेत्र के केंजरा टोला तारोबुरु में जमीन विवाद को लेकर एक ही आदिवासी परिवार के तीन सदस्यों की हत्या के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा शनिवार को जमशेदपुर पहुंचे। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज लाया गया था। यहां घटना में बचे परिवार के एक सदस्य ने अर्जुन मुंडा से मुलाकात कर सुरक्षा की मांग की।

अर्जुन मुंडा ने पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त और एसपी से फोन पर बात कर तीनों शवों का जल्द पोस्टमार्टम कराने और बचे हुए परिवार के सदस्यों को पर्याप्त सुरक्षा देने की मांग की।

उन्होंने राज्य सरकार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जमीन विवाद जैसे मामलों में प्रशासन को समय रहते हस्तक्षेप करना चाहिए, ताकि विवाद गंभीर रूप न ले।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 40 वर्षीय राजिन दोरायबुरु, उनकी पत्नी जानो दोरायबुरु और 12 वर्षीय बेटे कांडे दोरायबुरु के रूप में हुई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर तीनों शव बरामद किए गए। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल खून से सना कुल्हाड़ी भी बरामद की है। मामले की जांच जारी है।