जमशेदपुर: MGM अस्पताल के PG हॉस्टल के पीछे करीब 5 फीट लंबे गोह (मॉनिटर लिजर्ड) के बार-बार दिखाई देने से आसपास के लोगों में डर का माहौल है। जानकारी के अनुसार, एक महिला हॉस्टल के पीछे कचरा फेंकने गई थी। इसी दौरान उसकी नजर बड़े आकार के गोह पर पड़ी। बताया गया कि अगले दिन महिला जब दोबारा वहां गई तो गोह उसके पीछे दौड़ पड़ा, जिसके बाद महिला वहां से भागकर अपनी जान बचाई।


घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, टीम के पहुंचने तक गोह वहां दिखाई नहीं दिया। इसके बाद वन विभाग के कर्मचारियों ने उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने के लिए मौके पर जाल लगाया है।
बार-बार गोह दिखाई देने की सूचना के बाद आसपास रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उसके बड़े आकार के कारण हॉस्टल के पीछे जाना डरावना लग रहा है। कुछ लोगों ने यह भी दावा किया है कि इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या कम हुई है और आशंका जताई जा रही है कि गोह ने कुछ कुत्तों का शिकार किया होगा। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल वन विभाग की टीम गोह को सुरक्षित पकड़ने के प्रयास में जुटी है। लोगों से भी सावधानी बरतने और गोह दिखाई देने पर उसके करीब नहीं जाने की अपील की जा रही है।

