जमशेदपुर: राष्ट्रीय साइंस ओलिंपियाड में 360 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, पांच केंद्रों पर हुई परीक्षा

Spread the love

जमशेदपुर: चिल्ड्रन्स इस्लामिक ऑर्गनाइजेशन की ओर से रविवार को राष्ट्रीय साइंस ओलिंपियाड का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय स्तर की इस परीक्षा में शहर के विभिन्न स्कूलों और शैक्षणिक बोर्डों से कक्षा छह, सात और आठ के लगभग 360 विद्यार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए शहर में पांच केंद्र बनाए गए थे।

परीक्षा केंद्रों में जाकिर नगर स्थित एमओ एकेडमी स्कूल, कबीर नगर का अलमनार स्कॉलर पब्लिक स्कूल, टेल्को उर्दू स्कूल, जवाहर नगर स्थित एमएस इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट और एपेक्स इंग्लिश स्कूल शामिल थे। इन केंद्रों पर विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ परीक्षा में भाग लिया।

चिल्ड्रन्स इस्लामिक ऑर्गनाइजेशन की सिटी संयोजक नसरून निशा ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक सोच, विश्लेषण करने की क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह की परीक्षाएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और ज्ञान बढ़ाने का अवसर प्रदान करती हैं।

आयोजन को सफल बनाने में जमात-ए-इस्लामी हिंद के स्थानीय अध्यक्ष तौहीदुल हसन के साथ मेंटर्स नदिया तहसीन, खालिद इकबाल, रूमी, गजल आरज़ू, तब्बसुम, डॉ. सबा, खुर्शीद इकराम, महजबी अख्तर, जमीला और सिम्मी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

आयोजकों के अनुसार, परीक्षा में शामिल सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। जमशेदपुर में चिल्ड्रन्स इस्लामिक ऑर्गनाइजेशन की 16 इकाइयां सक्रिय हैं। ये इकाइयां 5 से 14 वर्ष की आयु के लगभग 450 बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए काम कर रही हैं।