जमशेदपुर: जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित दो दिवसीय इंटर कॉलेज स्पोर्ट्स फेस्ट का रविवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में शहर के सात प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों के 400 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, फुटसल और वॉलीबॉल सहित छह खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंतिम दिन विभिन्न खेलों के मुकाबलों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।


पुरस्कार वितरण समारोह में टाटा स्टील के वीपी (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदर रामम, चीफ स्पोर्ट्स मुकुल विनायक चौधरी और टाटा स्टील के खेल विभाग की अनन्या लेपी समेत अन्य लोग उपस्थित रहे। विजेता खिलाड़ियों और टीमों को उनके प्रदर्शन के आधार पर सम्मानित किया गया।
एथलेटिक्स में करीम सिटी कॉलेज के सूरज ने 200 मीटर दौड़, कमल ने 100 मीटर दौड़ और मनप्रीत ने लंबी कूद में पहला स्थान हासिल किया। एक्सएलआरआई की नारायणी झा ने महिला वर्ग की 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बैडमिंटन और टेबल टेनिस के महिला वर्ग में एक्सएलआरआई विजेता रहा। पुरुष बैडमिंटन का खिताब करीम सिटी कॉलेज ने जीता, जबकि पुरुष टेबल टेनिस में एनआईटी जमशेदपुर की टीम विजेता बनी।
बास्केटबॉल और वॉलीबॉल के महिला वर्ग में करीम सिटी कॉलेज की टीमों ने खिताब अपने नाम किए। वहीं, दोनों खेलों के पुरुष वर्ग में एनआईटी जमशेदपुर विजेता रहा। फुटसल में एक्सएलआरआई ने महिला और पुरुष, दोनों वर्गों में जीत दर्ज की। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को खेल प्रतिभा दिखाने और विभिन्न संस्थानों के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर प्रदान किया।

