जमशेदपुर: JPSC-JSSC मामले में CBI जांच की मांग और छात्रों के समर्थन में बुलाए गए झारखंड बंद का असर मंगलवार को जमशेदपुर के गोलमुरी बाजार में भी देखने को मिला। भाजपा गोलमुरी मंडल के कार्यकर्ताओं ने बाजार के विभिन्न हिस्सों में दुकानदारों और व्यवसायियों से संपर्क कर बंद को समर्थन देने तथा अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की।


भाजपा मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों से मुलाकात की। इस दौरान भाजपा पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी दिनेश कुमार भी मौजूद रहे। भाजपा नेताओं के अनुसार, अपील के बाद कई दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर बंद का समर्थन किया।
दिनेश कुमार ने कहा कि झारखंड के युवा अपने भविष्य और अधिकारों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि JPSC-JSSC से जुड़े मामलों की निष्पक्ष CBI जांच होनी चाहिए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए सरकार से युवाओं की समस्याओं का समाधान संवाद और निष्पक्ष जांच के माध्यम से करने की मांग की।
उन्होंने बंद में सहयोग के लिए गोलमुरी के दुकानदारों और व्यवसायियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का समर्थन छात्रों के मुद्दे के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है।
जनसंपर्क अभियान में हलधर नारायण साह, बंटी अग्रवाल, हरे राम यादव, बी. श्रीनिवास राव, लक्ष्मण बेहरा, सुरेंद्र सिंह शिंदे और रविनाथ घोष सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

