जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र में गोलगप्पा बेचकर घर लौट रहे एक युवक पर चाकू से हमला कर लूटपाट का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू और लूटे गए 1,200 रुपये भी बरामद किए हैं।


रेलवे हाई स्कूल के पास रोका
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त की रात करीब 10 बजे गदाबासा निवासी आकाश कुमार गोलगप्पा बेचकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रेलवे हाई स्कूल के पास तीन युवकों ने उनका ठेला रोककर पैसे की मांग की।
पैसे देने से इनकार पर चाकू से हमला
आकाश कुमार द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी उनकी जेब से 1,700 रुपये लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की।
वायरलेस ग्राउंड से हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने वायरलेस ग्राउंड इलाके में छापेमारी कर दो आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू और लूटे गए 1,200 रुपये बरामद किए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल पांडेय उर्फ लल्लू, निवासी सीडी नगर, बागबेड़ा के रूप में हुई है। वहीं एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। मामले में बागबेड़ा थाना में BNS 2023 की धारा 309(6)/109(1) के तहत केस दर्ज किया गया है।
बरामद सामान में मरून रंग के कवर में रखा एक धारदार चाकू और 700 व 500 रुपये के नोट समेत कुल 1,200 रुपये शामिल हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

