जमशेदपुर: डिमना स्थित हिल व्यू कॉलोनी में पिछले 22 दिनों से पेयजल संकट की समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी की सप्लाई शुरू तो हुई है, लेकिन जरूरत के मुताबिक पानी नहीं मिल पा रहा है। वहीं नियमित फॉगिंग नहीं होने के कारण इलाके में मच्छरों का प्रकोप भी तेजी से बढ़ गया है।


सौरभ विष्णु से मिले स्थानीय लोग
समस्या को लेकर कॉलोनी के लोगों ने जन विकास मंच के अध्यक्ष और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु से मुलाकात की। स्थानीय लोगों ने पेयजल संकट दूर करने और नियमित फॉगिंग कराने की मांग रखी।
सौरभ विष्णु ने कहा कि कॉलोनी में करीब एक साल पहले फॉगिंग कराई गई थी। इसके बाद दोबारा नियमित फॉगिंग नहीं होने से मच्छरों की समस्या बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, शाम के समय घरों के बाहर बैठना भी मुश्किल हो गया है।
समस्याओं के समाधान के लिए विकास समिति गठित
बैठक के बाद स्थानीय लोगों की सहमति से हिल व्यू कॉलोनी डिमना विकास समिति का गठन किया गया। सौरभ विष्णु को समिति की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि समिति के माध्यम से कॉलोनी की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा और समाधान के लिए प्रयास किया जाएगा।
प्रशासन से समाधान की मांग
सौरभ विष्णु ने प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से पेयजल संकट का जल्द समाधान कराने के साथ-साथ नियमित फॉगिंग की व्यवस्था करने की मांग की है। फिलहाल इस मामले में जिला प्रशासन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मानगो नगर निगम की ओर से कोई स्पष्ट आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

