जमशेदपुर: जमशेदपुर पुलिस की मासिक समीक्षा बैठक में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में लंबित शिकायतों के निष्पादन, नशे के कारोबार, अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में SSP डॉ. एहतशाम वकारिब, सिटी SP, ग्रामीण SP, सभी DSP, SDPO और थाना प्रभारी शामिल हुए।


बैठक के बाद SSP ने पुलिस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि पिछले दो महीनों में पुलिस को प्राप्त शिकायतों में करीब 99 प्रतिशत का निष्पादन किया गया है। घरेलू हिंसा से जुड़े 661 मामलों में से 558 मामलों के निष्पादन की भी जानकारी दी गई।
SSP के अनुसार जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान अब तक 30 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। वहीं, अवैध हथियारों के मामलों में 15 हथियार बरामद किए गए हैं और 41 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। फरार और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी जारी है।
शहर में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के लिए मौजूदा नेटवर्क के अलावा 300 नए CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ अपराध की जांच में भी CCTV फुटेज का उपयोग किया जाएगा।
आगामी त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल और निगरानी की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने की बात कही है।

