जमशेदपुर: सिंहभूम मंडल डाक विभाग की ओर से बर्मामाइंस स्थित केरला पब्लिक स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल के 104 शिक्षकों ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य शिक्षकों और आम लोगों को डाक विभाग की बचत योजनाओं तथा पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (PLI) के बारे में जानकारी देना था।


कार्यक्रम के दौरान डाक विभाग के अधिकारियों ने ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति के माध्यम से PLI और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) की जानकारी दी। शिक्षकों को योजनाओं की विशेषताओं, प्रीमियम और बोनस से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई।
अधिकारियों ने बताया कि डाक विभाग के बीमा उत्पादों में बड़े विज्ञापन और एजेंट कमीशन पर होने वाला खर्च नहीं होता, जिससे संचालन लागत कम रखने में मदद मिलती है। कार्यक्रम में ग्राहकों को बोनस के रूप में मिलने वाले लाभ की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों के अनुसार बोनस करीब ₹52 प्रति हजार तक हो सकता है।
बताया गया कि डाक जीवन बीमा की शुरुआत 1 फरवरी 1884 को हुई थी, जबकि महिलाओं को बीमा सुविधा 1894 में और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए RPLI योजना 1995 में शुरू की गई।
कार्यक्रम में आयकर की धारा 80C के तहत छूट, देश के किसी भी डाकघर में पॉलिसी ट्रांसफर, ऑनलाइन प्रीमियम भुगतान और अग्रिम प्रीमियम पर मिलने वाली छूट जैसी सुविधाओं की जानकारी दी गई।
डाक विभाग के अधिकारी ने बताया कि देश में 1.70 लाख से अधिक डाकघरों का नेटवर्क है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी विद्यार्थियों और उनके परिवारों तक पहुंचाई जा सकती है। आने वाले समय में CM School of Excellence समेत शहर के अन्य सरकारी व निजी स्कूलों, कॉलेजों और प्रमुख संस्थानों में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

