जमशेदपुर: बालिगुमा में प्रस्तावित STP के खिलाफ ग्रामीणों का विरोध, स्थान बदलने की मांग

Spread the love

जमशेदपुर: MGM थाना क्षेत्र के बालिगुमा में प्रस्तावित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताया है। शुक्रवार को गजाडीह टोला और बालिगुमा मौजा के वार्ड नंबर 10 के ग्रामीणों ने पूर्वी सिंहभूम के अंचल अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर STP का निर्माण तत्काल रोकने की मांग की।

रिहायशी इलाके के पास प्लांट बनाने पर जताई चिंता

ग्रामीणों का कहना है कि वे विकास कार्यों के विरोध में नहीं हैं, लेकिन ऐसा विकास नहीं होना चाहिए जिससे लोगों के स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े।

ग्रामीणों ने आशंका जताई कि रिहायशी क्षेत्र के नजदीक सीवरेज प्लांट बनने से आसपास के पर्यावरण पर असर पड़ सकता है। साथ ही लोगों के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता जताई गई है।

STP की जगह सामुदायिक भवन बनाने की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने वैकल्पिक प्रस्ताव भी रखा है। उन्होंने मांग की है कि जिस स्थान पर STP प्रस्तावित है, वहां सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाए।

ग्रामीणों के अनुसार गांव में सामुदायिक भवन बनने से शादी-विवाह और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के लिए लोगों को दूसरे स्थानों पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे ग्रामीणों को काफी सुविधा मिलेगी।

ज्ञापन पर सोमाय सोरेन, लक्ष्मण किस्कू समेत अन्य ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए उनकी मांग पर गंभीरता से विचार करने और STP का स्थान बदलने की अपील की है।