दुर्गा पूजा से पहले पुलिस अलर्ट: मऊभंडार के ताम्र प्रतिभा मैदान में मॉक ड्रिल, दंगा नियंत्रण का किया अभ्यास

Spread the love

जमशेदपुर: आगामी दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों के तहत मऊभंडार ओपी क्षेत्र स्थित ताम्र प्रतिभा मैदान में पुलिस की ओर से मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में आयोजित इस अभ्यास का संचालन सार्जेंट मेजर ने किया। इसमें पुलिस केंद्र गोलमुरी के जवानों के साथ क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी), घाटशिला की एसएटी टीम और विभिन्न थानों के पुलिस बल ने भाग लिया।

मॉक ड्रिल के दौरान दंगा जैसी आकस्मिक स्थिति उत्पन्न होने पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और उससे निपटने की रणनीति का अभ्यास किया गया। जवानों ने आपात स्थिति में प्रतिक्रिया देने और सुरक्षा व्यवस्था संभालने की तैयारियों का प्रदर्शन किया।

इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस बल को तैयार रखना और विभिन्न टीमों के बीच समन्वय को मजबूत करना था। त्योहार के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी तैयारियों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस अवसर पर घाटशिला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मुसाबनी के पुलिस अधीक्षक, विभिन्न थानों के थाना प्रभारी और पुलिस जवान उपस्थित रहे। मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिस ने त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने की तैयारी पर जोर दिया।