जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में लगातार दूसरे दिन शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। बुधवार सुबह करीब छह बजे स्थानीय लोगों ने परिसर के तालाब में एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरते देखा। इसकी सूचना मिलने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची आदित्यपुर थाना पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया और पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


गौरतलब है कि मंगलवार को भी कृषि विज्ञान केंद्र परिसर के खेतों से एक युवक का शव बरामद हुआ था। उस मामले में मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। पहली घटना के 24 घंटे के भीतर उसी परिसर के तालाब से दूसरा शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों में भय और चिंता का माहौल है।
एक ही परिसर में लगातार दो शव मिलने की घटनाओं के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। दुर्गापूजा के दौरान घनी आबादी के नजदीक ऐसी घटनाओं से स्थानीय नागरिक चिंतित हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कराने और कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
फिलहाल दूसरे मृतक की पहचान और उसकी मौत के कारणों की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध की पुष्टि भी जांच के बाद ही हो पाएगी।

