जमशेदपुर पुलिस की नई पहल: घर बैठे WhatsApp से दर्ज होगी शिकायत, कार्रवाई की भी मिलेगी जानकारी

Spread the love

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस आम लोगों की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए जल्द ही नई डिजिटल सुविधा शुरू करने जा रही है। इसके तहत जिला स्तर पर एक आधिकारिक WhatsApp नंबर जारी किया जाएगा। इसके बाद लोग घर बैठे अपनी छोटी-बड़ी शिकायतें WhatsApp के जरिए पुलिस तक पहुंचा सकेंगे।

जमशेदपुर SSP डॉ. एहतेशाम वकारिब के अनुसार, WhatsApp पर आने वाली शिकायतों की निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। नोडल अधिकारी शिकायत को संबंधित थाना तक पहुंचाएंगे और उस पर हुई कार्रवाई की लगातार मॉनिटरिंग भी करेंगे। शिकायतकर्ता को WhatsApp के माध्यम से कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी।

नई व्यवस्था में शिकायत मिलने से लेकर उसके निपटारे तक की पूरी प्रक्रिया का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाएगा। इसके लिए शिकायत और कार्रवाई का विवरण विशेष रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा।

इसके अलावा जिले के सभी 39 थानों में CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, इससे थानों और संवेदनशील स्थानों की निगरानी बेहतर होगी। जिला स्तर का WhatsApp नंबर फिलहाल जारी नहीं हुआ है। नंबर जारी होने के बाद ही आम लोग इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे।