पटमदा: पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा थाना क्षेत्र के रंगाटांड़ में चोरों ने पंचायत सचिव गणेश महतो के घर को निशाना बनाया। मंगलवार देर रात चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर करीब ₹10 हजार नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटनास्थल पटमदा थाना से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर बताया जा रहा है।


जानकारी के अनुसार, गणेश महतो मंगलवार को परिवार के साथ कदमा मेला घूमने गए थे। बुधवार सुबह जब परिवार वापस घर पहुंचा तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर कई कमरों के ताले भी टूटे हुए थे। चोरों ने घर के अंदर रखी पांच अलमारियों को भी खंगाला था।
परिजनों के मुताबिक, अलमारियों की जांच करने पर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले। बताया गया कि चोर घर के पिछले दरवाजे से बाहर निकले। चोरी के दौरान अन्य सामान को नुकसान नहीं पहुंचाया गया और मुख्य रूप से नकदी व जेवरात ही ले जाए गए।
सूचना मिलने पर पटमदा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल तथा आसपास के इलाके की जांच की। पुलिस चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को किसी परिचित व्यक्ति की संलिप्तता की आशंका भी है। पुलिस इस पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। हालांकि, फिलहाल किसी व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है।

