जमशेदपुर: MGM थाना क्षेत्र के भिलाईपहाड़ी में गुरुवार सुबह सड़क हादसे में 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान जवाहर नगर नंबर 14 निवासी तुफैल के रूप में हुई है। वह ऑटो इलेक्ट्रिशियन का काम करते थे।


जानकारी के अनुसार, तुफैल गुरुवार सुबह करीब 6 बजे काम खत्म करने के बाद इलेक्ट्रिक स्कूटर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सोनालिका ट्रैक्टर के पास एक बोलेरो ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि तुफैल की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर MGM थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस हादसे के कारणों और फरार वाहन चालक की पहचान की जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम का माहौल है।

