जमशेदपुर: केंद्र सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल के तहत बिहार कैडर के 1993 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी जितेंद्र कुमार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) का नया महानिदेशक नियुक्त किया है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) की ओर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है। वर्तमान आरपीएफ महानिदेशक सोनाली मिश्रा 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होने वाली हैं। इसके बाद जितेंद्र कुमार के एक नवंबर से पदभार संभालने की संभावना है।


जितेंद्र कुमार फिलहाल बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी) के महानिदेशक के साथ केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती-सीएसबीसी) के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। आरपीएफ के महानिदेशक के रूप में उनकी नियुक्ति को रेलवे सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नई जिम्मेदारी में जितेंद्र कुमार के सामने देशभर में रेलवे नेटवर्क, ट्रेनों और रेलवे परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने की चुनौती होगी। इसके अलावा रोजाना रेल से यात्रा करने वाले करोड़ों यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी आरपीएफ की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है।
नई नियुक्ति के लिए बिहार सरकार की ओर से उन्हें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेजने की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार वे आरपीएफ के महानिदेशक का पदभार संभालेंगे।

