जमशेदपुर: विश्व मानक दिवस पर बीआईएस का ‘मानक महोत्सव’, झारखंड में पहली बार लाइसेंस पाने वाले 15 उद्योग सम्मानित

Spread the love

जमशेदपुर: विश्व मानक दिवस 2026 के अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के जमशेदपुर शाखा कार्यालय की ओर से बुधवार को बिष्टुपुर स्थित एक होटल में ‘मानक महोत्सव’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘बेहतर विश्व के लिए साझा दृष्टिकोण: सतत विकास लक्ष्य-7 के तहत सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा’ रहा। समारोह में उद्योगों, औद्योगिक संघों, शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थानों तथा सरकारी विभागों के करीब 175 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि उद्योगों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को मानकों को केवल नियमों की औपचारिकता के रूप में नहीं देखना चाहिए। मानकों को अपनाने से उत्पादों की गुणवत्ता बेहतर होती है और उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ती है।

बीआईएस जमशेदपुर के निदेशक एवं प्रमुख कुणाल कुमार ने बताया कि ब्यूरो अब तक करीब 23,800 भारतीय मानक तैयार कर चुका है। इस कार्य में 394 तकनीकी समितियों और 33 हजार से अधिक विशेषज्ञों का योगदान रहा है। उन्होंने गुणवत्ता और मानकीकरण को औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

समारोह में झारखंड में विभिन्न उत्पादों के लिए बीआईएस का पहला लाइसेंस प्राप्त करने वाले 15 उद्योगों को सम्मानित किया गया। इनमें टाटा स्टील, राजश्री कंक्रीट प्रोडक्ट्स, अम्वी पॉलीटेक एलएलपी, रूंगटा माइन्स लिमिटेड, खेतान एक्सट्रूजन्स, खेतान उद्योग, झारखंड इंजीनियरिंग वर्क्स, रॉयल टच फैबलॉन, निलकमल लिमिटेड और वैलोर वायर्स प्राइवेट लिमिटेड समेत अन्य उद्योग शामिल रहे।

वहीं, ‘क्वालिटी कनेक्ट’ अभियान में उल्लेखनीय योगदान के लिए बीएमडब्ल्यू इंडस्ट्रीज, नुवोको विस्तास, मैथन स्टील एंड पावर, सिनर्जी पावर इक्विपमेंट और हिंदुस्तान टाइल्स को भी सम्मानित किया गया।