जमशेदपुर SSP की अपराध समीक्षा बैठक, महिला अपराधों पर 60 दिन में चार्जशीट का निर्देश

Spread the love

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. एहतेशाम वकारिब ने शनिवार को शहरी एवं ग्रामीण एसपी की मौजूदगी में सभी डीएसपी, जोनल इंस्पेक्टर और थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि कोई भी थाना प्रभारी, जोनल इंस्पेक्टर या डीएसपी किसी भी परिस्थिति में अपना सरकारी मोबाइल बंद नहीं रखेगा, ताकि आम लोग किसी भी समय शिकायत या सूचना दे सकें। सरकारी मोबाइल नंबरों को थाना क्षेत्र के सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शित करने का भी निर्देश दिया गया। साथ ही पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन सात दिनों के भीतर पूरा कर पोर्टल पर अपलोड करने के आदेश दिए गए।

महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एसएसपी ने महिलाओं से जुड़े अपराध, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामलों की जांच 60 दिनों के भीतर पूरी कर चार्जशीट दाखिल करने का निर्देश दिया। महिला थाना प्रभारी को पिंक पेट्रोलिंग के साथ स्कूल, कॉलेज और पार्कों के आसपास विशेष अभियान चलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक में अवैध जुआ, लॉटरी, नशा कारोबार और बालू के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि यदि किसी थाना क्षेत्र में ऐसे अवैध कारोबार पाए जाते हैं तो संबंधित थाना प्रभारी सीधे जिम्मेदार होंगे। सक्रिय अपराधियों पर सीसीए, निगरानी और गुंडा रजिस्टर के तहत कार्रवाई करने तथा बैंक, एटीएम और पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त और जांच अभियान चलाने का निर्देश भी दिया गया।

यातायात व्यवस्था को लेकर निर्देश दिया गया कि आम जनता को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए, जबकि ब्लैक फिल्म, मॉडिफाइड साइलेंसर और ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। इसके अलावा साइबर थाना को प्रत्येक सप्ताह स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने तथा सभी थाना प्रभारियों को सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम आयोजित कर जनता से संवाद बढ़ाने के निर्देश दिए गए।