केपीएस कदमा ने लॉन्च किया शैक्षणिक पॉडकास्ट ‘A Journey Among The Stars’, अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक डॉ. स्टेला काफ्का बनीं पहली अतिथि

Spread the love

जमशेदपुर: केरल पब्लिक स्कूल (केपीएस) कदमा ने वैश्विक शिक्षा और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल करते हुए अपना प्रमुख शैक्षणिक पॉडकास्ट “A Journey Among The Stars” लॉन्च किया है। इस पॉडकास्ट की शुरुआत यूनेस्को एसोसिएटेड स्कूल्स नेटवर्क (ASPnet) के तहत की गई है। केपीएस कदमा जमशेदपुर के उन चुनिंदा विद्यालयों में शामिल है, जिन्हें यूनेस्को ASPnet की मान्यता प्राप्त है।

पॉडकास्ट के पहले एपिसोड में विश्व प्रसिद्ध खगोल भौतिकीविद् और अमेरिकन मेटियोरोलॉजिकल सोसायटी (AMS) की पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डॉ. स्टेला काफ्का ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन कक्षा 10 की छात्रा सृजिता दास ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की वैज्ञानिक से सीधे संवाद करने और उनके अनुभवों से सीखने का अवसर मिला।

संवाद के दौरान डॉ. स्टेला काफ्का ने एथेंस से वैश्विक विज्ञान जगत तक की अपनी प्रेरणादायक यात्रा साझा की। चर्चा में खगोल विज्ञान, वैज्ञानिक अनुसंधान, नेतृत्व, STEM शिक्षा और विज्ञान में महिलाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को हमेशा जिज्ञासु बने रहने, सवाल पूछने और विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय की प्राचार्या शर्मिला मुखर्जी ने कहा कि शिक्षा केवल कक्षा तक सीमित नहीं होनी चाहिए। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को वैश्विक विशेषज्ञों से जोड़ना, उनकी सोच का दायरा बढ़ाना और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह पॉडकास्ट विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, आलोचनात्मक सोच, अंतरराष्ट्रीय समझ और वैश्विक नागरिकता की भावना को मजबूत करेगा।