रक्षाबंधन पर अमर शहीद किशन दुबे की बहन का प्रेरक संदेश, हर साल जवानों को भेजती हैं राखी

Spread the love

जमशेदपुर: रक्षाबंधन से पहले भारतीय डाक विभाग के सिंहभूम मंडल ने अमर शहीद किशन दुबे की बहन लक्ष्मी कुमारी पांडेय की प्रेरणादायक कहानी साझा कर उनके परिवार के त्याग और देशभक्ति को नमन किया। इस अवसर पर डाक विभाग की टीम उनके आवास पहुंची और परिवार के प्रति सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त जनसंपर्क निरीक्षक अमरेंद्र कुमार सिंह भी मौजूद रहे।

लक्ष्मी कुमारी पांडेय ने अपने शहीद भाई को याद करते हुए बताया कि 9 जुलाई 2015 को देश की रक्षा करते हुए आमने-सामने की मुठभेड़ में उन्होंने वीरगति प्राप्त की थी। उन्होंने कहा कि भले ही उनके भाई आज उनके बीच नहीं हैं, लेकिन उनका बलिदान हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।

उन्होंने बताया कि भाई की शहादत के बाद से वह हर वर्ष रक्षाबंधन के अवसर पर भारतीय डाक विभाग के माध्यम से उनके बटालियन में तैनात जवानों को राखी भेजती हैं। उनके अनुसार राखी केवल एक धागा नहीं, बल्कि स्नेह, विश्वास और देश की रक्षा करने वाले सैनिकों के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

लक्ष्मी कुमारी पांडेय ने भारतीय डाक विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग वर्षों से उनकी राखियां समय पर सीमा पर तैनात जवानों तक पहुंचाता आ रहा है। उन्होंने देश की सभी बहनों से अपील की कि वे सीमाओं पर तैनात सैनिकों को अपना भाई मानते हुए उन्हें राखी भेजें, ताकि उनका मनोबल और अधिक मजबूत हो।

भारतीय डाक विभाग के सिंहभूम मंडल ने भी शहीद किशन दुबे के परिवार के त्याग को नमन करते हुए कहा कि उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।