जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित पीएम मॉल में कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने मॉल के मैनेजर प्रशांत सिंह पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना, छेड़छाड़, मारपीट, अवैध संबंध बनाने का दबाव तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बिष्टुपुर थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की है।


शिकायत के अनुसार, महिला पिछले तीन वर्षों से मॉल स्थित डाबर न्यू शॉप में कार्यरत है। उसका आरोप है कि मैनेजर लंबे समय से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और अवैध संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। विरोध करने पर आरोपी ने कथित रूप से उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, मारपीट की और बार-बार धमकियां दीं।
महिला ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने झूठे मामले में फंसाकर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता का कहना है कि वह आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आती है और उसकी 10 वर्षीय बेटी है। परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन उसकी नौकरी है, जिसके कारण वह लगातार भय और मानसिक तनाव में जीवन बिता रही है।
पीड़िता ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट, गाली-गलौज, आपराधिक धमकी और अन्य लागू धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा उसे सुरक्षा और न्याय दिलाने की मांग की है।
फिलहाल ये सभी आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक आरोपी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

